रामलला के दर्शन हुए और सुगम: अब 15 की जगह 90 दिन पहले बुक होंगे पास, प्रतिदिन मिलेंगे 2,000 ऑनलाइन स्लॉट
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास व्यवस्था में बड़ा सुधार किया है। अब प्रतिदिन 2,000 ऑनलाइन पास जारी होंगे और श्रद्धालु 15 की जगह 90 दिन पहले से बुकिंग कर सकेंगे।

- अयोध्या राम मंदिर: सुगम दर्शन पास की व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 7 चरणों में अग्रिम और तत्काल बुकिंग की तैयारी
- दूरदराज के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बढ़ाई पास संख्या, नई सत्यापन प्रणाली होगी लागू
- राम मंदिर सुगम दर्शन पास: बिचौलियों पर नकेल कसने को सत्यापन आधारित व्यवस्था, 24 से 48 घंटे में मिलेगा पुष्टिकरण
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। ट्रस्ट ने सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन जारी होने वाले ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर सीधे 2,000 कर दी है। इसके साथ ही अग्रिम बुकिंग की समयसीमा को 15 दिन से बढ़ाकर 90 दिन कर दिया गया है, जिससे दूरदराज से आने वाले भक्तों को यात्रा और दर्शन की पूर्व योजना बनाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारियों के स्तर से इन सुधारों के प्रशासनिक क्रियान्वयन की जिम्मेदारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को सौंपी गई है। नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम श्रद्धालुओं को किसी सिफारिश या बिचौलिए के चक्कर में न पड़ना पड़े और वे ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए सीधे व पारदर्शी तरीके से पास प्राप्त कर सकें। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में श्रद्धालुओं की मांग और जमीनी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार पासों की संख्या में और वृद्धि की जा सकेगी।
लंबी दूरी के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए बुकिंग के लिए सात अग्रिम चरण और एक तत्काल (तत्काल दर्शन) चरण प्रस्तावित किया गया है। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत दर्शन की निर्धारित तारीख से 90 दिन, 62 दिन, 30 दिन, 14 दिन, 7 दिन, 3 दिन और 1 दिन पूर्व पास चरणबद्ध रूप से जारी किए जाएंगे। इससे अचानक अयोध्या पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी विकल्प उपलब्ध रहेंगे। हालांकि चरणबद्ध वितरण, तकनीकी सुधार और सॉफ्टवेयर में आवश्यक बदलाव के बाद इस पूरी चरणबद्ध प्रणाली को आगामी दिनों में विधिवत लागू किया जाएगा।
ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया में ऑटोमेटेड बॉट्स और दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एक नई सत्यापन आधारित प्रणाली तैयार की जा रही है। इसके तहत अग्रिम आवेदन करते ही तुरंत कंफर्मेशन नहीं मिलेगा, बल्कि तकनीकी सत्यापन के बाद 24 से 48 घंटे के भीतर आवेदक को स्वीकृति की सूचना दी जाएगी। वहीं, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पासों की पुष्टि तुरंत की जाएगी और उन पर यह प्रतीक्षा समय लागू नहीं होगा।
ट्रस्ट ने स्पष्ट दोहराया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह से निःशुल्क हैं। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या पास के नाम पर पैसे मांगने की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8009522111 और ईमेल आईडी जारी की जा रही है, जो एक सप्ताह के भीतर पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे।
What's Your Reaction?





