Naseeruddin Shah Targets BJP - सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट के छात्रों के समर्थन में आए नसीरुद्दीन शाह, बीजेपी पर साधा निशाना
अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट (SRFTI) के छात्रों का समर्थन करते हुए बीजेपी पर वैचारिक विरोध दबाने और डराने का आरोप लगाया है।

वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी केवल अपने पक्ष में प्रचार प्रसार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह लोगों का ब्रेनवॉश करने और उन्हें डराने की कोशिश कर रही है।
अभिनेता ने अपने बयान में दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कथित जोड़-तोड़ की चुनावी राजनीति के बाद सत्ता पक्ष उन सभी लोगों को निशाना बना रहा है, जो उसकी विचारधारा और नीतियों से असहमति रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस बदले की भावना का ताजा शिकार एसआरएफटीआई के छात्र और देश के भावी फिल्म निर्माता बन रहे हैं।
संस्थान में पिछले कई दिनों से जारी है गतिरोध
कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में पिछले कुछ हफ्तों से छात्र और प्रशासन आमने-सामने हैं। कैंपस में कथित हिंसा, सुरक्षा व्यवस्था की विफलता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर छात्र कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परिसर में हुई घटनाओं की जवाबदेही तय करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय प्रशासन उल्टे विद्यार्थियों पर ही दंडात्मक कदम उठा रहा है।
संस्थान प्रशासन ने हाल ही में कथित अनुशासनहीनता और तोड़फोड़ के आरोपों के तहत कुछ छात्रों को निलंबित कर दिया था तथा हॉस्टल खाली करने और शैक्षणिक कार्य स्थगित करने के आदेश दिए थे। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने इन आरोपों को नकारते हुए हॉस्टल खाली करने से इनकार कर दिया और अपना विरोध जारी रखा है।
छात्रों के साथ खड़े होने की अपील
नसीरुद्दीन शाह ने अपने संदेश में कहा कि जो युवा कल देश की हकीकत और समाज के सच को अपनी कला के माध्यम से सामने लाएंगे, उन्हें दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संस्थान में छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने, निगरानी रखने और दबाव बनाए जाने की निंदा की। अभिनेता ने नागरिकों से अपील की कि वे संस्थान के विद्यार्थियों की सुरक्षा और जायज मांगों के समर्थन में आगे आएं।
What's Your Reaction?









